लेटेस्ट न्यूज़
लेटेस्ट न्यूज़
Home » क्राइम » कुरुक्षेत्र में चाचा की अस्थियां विसर्जित करते समय नहर में बहा 24 वर्षीय युवक, परिवार का इकलौता बेटा

कुरुक्षेत्र में चाचा की अस्थियां विसर्जित करते समय नहर में बहा 24 वर्षीय युवक, परिवार का इकलौता बेटा

Picture of insightnews24

insightnews24

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र जिले के गांव मिर्जापुर के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। चाचा की अस्थियां नहर में प्रवाहित करने पहुंचे 24 वर्षीय युवक देवेंद्र सिंह का पैर तेज बहाव में फिसल गया और वह पानी में बह गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ आए युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर SDRF की टीम और गोताखोरों ने नहर में तलाश शुरू की। कई घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

अस्थियां विसर्जित करते समय तेज बहाव में बहा देवेंद्र

जानकारी के अनुसार, गांव ढांड निवासी देवेंद्र सिंह अपने दो अन्य साथियों के साथ चाचा की अस्थियां विसर्जित करने के लिए गांव मिर्जापुर के पास नहर पर पहुंचा था। इसी दौरान अस्थियां प्रवाहित करते समय वह अचानक नहर के तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में बह गया।

देवेंद्र को डूबता देखकर साथ मौजूद युवकों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वे उसे बाहर नहीं निकाल सके।

परिवार का इकलौता बेटा था देवेंद्र

इस हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। देवेंद्र अपने परिवार का इकलौता बेटा था। बताया जा रहा है कि 4 नवंबर को सड़क हादसे में उसके चाचा की मौत हो गई थी। परिवार अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अस्थियां विसर्जित करने के दौरान यह दूसरा हादसा हो गया।

SDRF और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

हादसे की सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नहर में युवक की तलाश शुरू की। गोताखोर प्रगट सिंह भी सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। कई घंटे की मशक्कत के बावजूद देवेंद्र का पता नहीं चल पाया।

DSP सुरेश कुमार के अनुसार, युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल परिवार और ग्रामीण देवेंद्र के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स