कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में पिहोवा रोड स्थित एक होटल में पुलिस ने देर रात छापेमारी कर कथित जुआ खेलने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने होटल मालिक समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें होटल के कमरों में ताश के पत्तों के जरिए जुआ खेल रहे 6 युवक शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 45,210 रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन और कई वाहन कब्जे में लिए हैं।
गुप्त सूचना पर एंटी नारकोटिक्स सेल ने की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) को सूचना मिली थी कि पिहोवा रोड स्थित एक होटल में अवैध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के आधार पर DSP मुख्यालय सुरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात होटल में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान होटल के कमरों में 6 युवक ताश के पत्तों के जरिए जुआ खेलते हुए मिले। पुलिस ने होटल मालिक समेत सभी 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
होटल के रजिस्टर में नहीं मिली ग्राहकों की एंट्री
छापेमारी के दौरान पुलिस को होटल के रजिस्टर में किसी भी ग्राहक की एंट्री दर्ज नहीं मिली। इसे भी पुलिस ने जांच का हिस्सा बनाया है। मौके से 45,210 रुपये नकद और 7 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने 6 बाइक और एक स्कूटी भी कब्जे में ली है।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। बरामद नकदी, मोबाइल फोन और वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि होटल में जुए की गतिविधियां कब से चल रही थीं और इस मामले में अन्य लोगों की कोई भूमिका तो नहीं है।




