लेटेस्ट न्यूज़
लेटेस्ट न्यूज़
Home » लेटेस्ट न्यूज़ » शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या, जिम से निकलते ही बरसी गोलियां; परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या, जिम से निकलते ही बरसी गोलियां; परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम

Picture of insightnews24

insightnews24

शामली: उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि वह जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो में बैठने जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में अंकित के सिर और पेट समेत शरीर पर कई गोलियां लगीं। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जिम के बाहर पहले से इंतजार कर रहे थे हमलावर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंकित बालियान के जिम से बाहर आने का हमलावर इंतजार कर रहे थे। जैसे ही वह जिम से निकलकर अपनी स्कॉर्पियो की तरफ बढ़े, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

अंकित ने खुद को बचाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि गाड़ी की ड्राइविंग साइड पर दीवार होने के कारण उन्होंने दूसरी तरफ से वाहन में घुसने का प्रयास किया। इसी दौरान हमलावरों ने गाड़ी का दरवाजा खोलकर उन पर लगातार गोलियां चलाईं।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में 3-4 हमलावरों के वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है।

गाड़ी के शीशे में भी लगी गोलियां

हमले के दौरान कई गोलियां स्कॉर्पियो के अगले शीशे में लगीं। अंकित के शरीर पर भी कई गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से पैदल ही फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल अंकित को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हरियाणवी गाने से मिली थी पहचान

अंकित बालियान हरियाणवी संगीत और सोशल मीडिया की दुनिया में सक्रिय थे। उनका गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ काफी चर्चित हुआ था। साल 2023 में शामली में उनके रोड शो की भी चर्चा हुई थी।

अंकित को शामली के बंतीखेड़ा गांव का रहने वाला हरियाणवी कलाकार बताया गया है। उनका जन्म भी शामली में हुआ था। हालांकि लंबे समय तक वह हरियाणा के सोनीपत में रहे। हाल के समय में वह गांव में परिवार के साथ रह रहे थे।

पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे थे अंकित

जानकारी के मुताबिक अंकित बालियान शामली में जिला पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे थे। पुलिस हत्या के पीछे चुनावी रंजिश समेत दूसरे संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

फिलहाल हत्या की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए CCTV फुटेज समेत अन्य सुरागों की जांच कर रही है।

मां ने गोद में रखा बेटे का शव, सड़क पर लगाया जाम

अंकित की हत्या की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। अंकित की मां अपने बेटे का शव गोद में लेकर सड़क पर बैठ गईं।

परिजनों और ग्रामीणों ने मांग की कि जब तक हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस ने गठित की कई टीमें

शामली के एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, कोतवाली शामली क्षेत्र में डायल-112 के जरिए सूचना मिली थी कि बंतीखेड़ा निवासी अंकित बालियान को जिम से निकलते समय 3-4 अज्ञात लोगों ने गोली मार दी है।

एसपी के अनुसार, घटना के बाद पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस की जांच का मुख्य फोकस हमलावरों की पहचान, हत्या की वजह और वारदात के पीछे किसी साजिश की भूमिका पता करने पर है।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स