कुरुक्षेत्र/पिहोवा। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 पर पिहोवा के नजदीक एक चलती कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अरुणाय गांव के मोड़ के पास स्कोडा स्लाविया कार के बोनट से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। कार में सवार भाई-बहन ने बिना देर किए वाहन रोककर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
कार से दोनों के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते कार धू-धूकर जलने लगी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
चाचा-चाची को छोड़कर लौट रहे थे भाई-बहन
जुरासी कलां निवासी हरमन सिंह के मुताबिक, वह अपनी बहन के साथ स्कोडा स्लाविया कार से करनाल के निगदू गए थे। वहां उन्होंने अपने चाचा-चाची को छोड़ा और दोनों वापस घर लौट रहे थे। वापसी के दौरान जब वे हाईवे-152 पर अरुणाय गांव के मोड़ के पास पहुंचे, तभी यह घटना हुई।
बोनट से दिखाई दी आग की लपटें
हरमन सिंह ने बताया कि मोड़ के पास कार की गति कम थी। इसी दौरान उनकी बहन की नजर बोनट की तरफ गई, जहां से आग की लपटें निकल रही थीं। खतरे को भांपते हुए उसने तुरंत कार रोक दी। दोनों भाई-बहन फौरन वाहन से बाहर निकल गए।
उनके कार से उतरने के कुछ ही समय बाद आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते गाड़ी के अधिकांश हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर बुझाई आग
आग लगने के बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
हालांकि, तब तक कार का अंदरूनी हिस्सा और कई महत्वपूर्ण हिस्से पूरी तरह जल चुके थे। आग बुझने के बाद वाहन का अधिकांश हिस्सा नष्ट हो गया और केवल उसका लोहे का ढांचा ही दिखाई दे रहा था।
समय रहते बाहर निकलने से टला बड़ा हादसा
इस घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। बोनट से आग दिखाई देते ही कार रोककर दोनों के बाहर निकलने से बड़ा हादसा टल गया। कार में आग लगने की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले में आग लगने के कारणों की जानकारी जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।




