फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद में बंदरों के आतंक का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां घर की छत पर फास्ट फूड का काम करने वाला एक व्यक्ति मोमोज बनाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान अचानक एक बंदर ने उस पर हमला कर दिया। बंदर ने उसके चेहरे पर झपट्टा मारते हुए कान पर काट लिया, जिससे कान का एक हिस्सा कटकर जमीन पर गिर गया।
हमले के बाद व्यक्ति दर्द से चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर परिवार के लोग छत पर पहुंचे और उसे खून से लथपथ हालत में तुरंत अस्पताल लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि अलग हो चुका कान का हिस्सा दोबारा नहीं जोड़ा जा सकता। इसके बाद घायल के कान पर करीब 15 टांके लगाए गए। उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
छत पर मोमोज बनाने की कर रहा था तैयारी
वार्ड नंबर-3 निवासी विनोद सोनी फास्ट फूड का काम करता है। उसके मुताबिक, रविवार शाम वह घर की छत पर मोमोज बनाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पास के मकान की छत पर रखी पानी की टंकी के आसपास कुछ बंदर मौजूद थे।
विनोद को बंदर के अचानक पास आने का पता नहीं चला। देखते ही देखते एक बंदर ने उसके चेहरे पर झपट्टा मारा और उसके कान को काट लिया। हमले से बचने के लिए विनोद ने पास में रखा बर्तन बंदर की ओर फेंका, जिसके बाद वह वहां से भाग गया।
काफी खून बहने से मची अफरा-तफरी
बंदर के हमले में विनोद के कान से काफी खून निकल गया। परिवार के लोग तुरंत उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर चोट को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
विनोद के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया कि जो हिस्सा कान से पूरी तरह अलग होकर गिर गया था, उसे दोबारा जोड़ना संभव नहीं है। इसके बाद कान पर टांके लगाकर उपचार किया गया।
नगर परिषद की टीम ने बंदर पकड़े
घटना की जानकारी मिलने के बाद वार्ड नंबर-3 के पार्षद सुरेंद्र डीगवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद नगर परिषद के अधिकारियों को बंदरों के आतंक की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर नगर परिषद की टीम वार्ड में पहुंची और बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई की। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों की संख्या बढ़ने से लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।




