Home » टेक्नोलॉजी » ब्रह्मसरोवर पर 17 सितंबर को दिखेगा आसमान में अद्भुत नजारा, 500 ड्रोन करेंगे भव्य शो

ब्रह्मसरोवर पर 17 सितंबर को दिखेगा आसमान में अद्भुत नजारा, 500 ड्रोन करेंगे भव्य शो

Picture of insightnews24

insightnews24

कुरुक्षेत्र, 11 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक ब्रह्मसरोवर से भव्य कार्यक्रम के साथ होगी।

17 सितंबर की शाम ब्रह्मसरोवर पर 500 ड्रोन का शानदार ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। ड्रोन शो के साथ विशाल रंगोली और रक्तदान शिविर सहित कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

देश की नामी एजेंसियों से मांगे आवेदन

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने शुक्रवार देर शाम अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि ड्रोन शो के आयोजन के लिए देश की जानी-मानी एजेंसियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इच्छुक एजेंसियां 12 सितंबर को शाम 3 बजे तक निर्धारित शर्तों और बजट के साथ जिला प्रशासन के पास अपना आवेदन जमा करा सकती हैं। प्राप्त आवेदनों में से नियमानुसार उपयुक्त एजेंसी का चयन कर उसे ड्रोन शो की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

रंग-बिरंगी रोशनी से सजेगा ब्रह्मसरोवर

उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मसरोवर को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के नागरिकों के साथ पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं को भी आमंत्रित किया जा रहा है।

प्रशासन का प्रयास है कि शहर के लोगों की व्यापक भागीदारी के साथ इस आयोजन को यादगार बनाया जाए। कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

ड्रोन शो के लिए बनी विशेष कमेटी

ड्रोन शो के बेहतर आयोजन और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में विशेष कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में जिला नगर आयुक्त, केडीबी के सीईओ, नगराधीश, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता और डीआईपीआरओ को सदस्य बनाया गया है।

इसके अलावा अतिरिक्त व्यवस्थाओं के लिए एसडीएम शाहाबाद, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता और जिला परिषद के लेखा अधिकारी को भी कमेटी में शामिल किया गया है।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया, एसडीएम राहुल, एसडीएम शंभू राठी, नगराधीश आशीष कुमार, डीआरओ चेतना चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स