गुरुग्राम: फर्रुखनगर क्षेत्र में 21 वर्षीय युवती ने एक सीनियर सिटीजन पर बहाने से घर बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार, आरोपी ने उसे काम के सिलसिले में अपने घर बुलाया था। वहां आरोपी की पत्नी मौजूद नहीं थी। युवती ने किसी तरह वहां से निकलकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिजन और कुछ स्थानीय लोग आरोपी के घर पहुंचे। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट करते हुए पुलिस थाने ले गए। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
काम के बहाने घर बुलाने का आरोप
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 सितंबर को सोहन बाजवा नामक व्यक्ति ने उसे आरटीआई से जुड़े काम के सिलसिले में अपने घर बुलाया था। युवती के मुताबिक, वह इससे पहले भी आरोपी के घर जा चुकी थी।
शिकायत के अनुसार, जब युवती आरोपी के घर पहुंची तो उसकी पत्नी वहां मौजूद नहीं थी। आरोपी ने युवती को अपने पास बैठने और खाना खाने के लिए कहा।
गलत तरीके से छूने और किस करने का आरोप
युवती का आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे दोस्ती करने और पैसे देने की बात कही। इसके बाद उसने कथित तौर पर युवती को जबरदस्ती पकड़ लिया और गलत तरीके से छुआ।
युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसके गालों पर भी किस किया। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और अपने माता-पिता को पूरी घटना के बारे में बताया।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ा
घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिजन और पड़ोसी आरोपी के पास पहुंचे। लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ हाथापाई की। इसके बाद उसे पुलिस थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने युवती की काउंसलिंग कराई
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने युवती की काउंसलिंग कराई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
मामले को लेकर क्षेत्र में पंचायतें भी हो रही हैं। रविवार को भी स्थानीय स्तर पर पंचायत बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




