कुरुक्षेत्र। दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 (GT रोड) पर रविवार दोपहर त्योड़ा गांव के पास एक चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे के समय कार में भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी से जुड़े कुलदीप सिंह निवासी रावा और उनके दोस्त सतनाम सिंह सवार थे। दोनों गांव से पिपली की ओर जा रहे थे। आग भड़कते ही दोनों ने समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार हादसा दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। कुलदीप सिंह अपनी मौसी के घर मिलने के लिए पिपली जा रहे थे। त्योड़ा गांव के पास पहुंचने पर उन्हें कार के बोनट की तरफ से धुआं उठता दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत कार को सड़क किनारे रोककर जांच की।
धुआं देखकर रोकी कार, दोबारा चलाते ही भड़की आग
कुलदीप सिंह के मुताबिक, कार रोकने के बाद उन्होंने बोनट की तरफ देखा, लेकिन उस समय कोई बड़ी खराबी नजर नहीं आई। स्थिति सामान्य लगने पर दोनों फिर से कार में बैठ गए और आगे चल पड़े।
कुछ ही दूरी तय करने के बाद अचानक बोनट से आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। खतरा बढ़ता देख कुलदीप सिंह और सतनाम सिंह तुरंत कार से बाहर निकल गए।
दोनों के बाहर निकलते ही आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे से गुजर रहे कुछ लोगों ने भी मौके पर रुककर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका।
दो फायर ब्रिगेड ने करीब आधे घंटे में बुझाई आग
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। इसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि कार का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया और अंत में उसका सिर्फ लोहे का ढांचा ही बचा।
2014 मॉडल की थी Nissan Terrano
कुलदीप सिंह ने बताया कि आग लगने वाली कार 2014 मॉडल की Nissan Terrano थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कार के बोनट से पहले धुआं उठा और उसके बाद अचानक आग भड़क गई।
फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। माना जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि सही कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। हादसे में दोनों सवार सुरक्षित बच गए।




