बहादुरगढ़ नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग में गुरुवार सुबह एक युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जोहरी नगर निवासी 30 वर्षीय बिट्टू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि बिट्टू की हत्या की गई या वह अस्पताल की नई बिल्डिंग से गिरकर हादसे का शिकार हुआ। घटनास्थल से मिले हालात को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू की है।
काम से जाने की बात कहकर बाइक लेकर निकला था
जानकारी के अनुसार बिट्टू एक रिटेल स्टोर में काम करता था। परिजनों के मुताबिक छुट्टी के बाद वह घर आया था। इसके बाद उसने कंपनी के काम से बाहर जाने की बात कही और बाइक लेकर घर से निकल गया। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई।
बिट्टू के पिता ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गुरुवार सुबह अस्पताल की नई बिल्डिंग में उसका शव मिलने की सूचना मिली।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने बिट्टू की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। हालांकि अभी तक पुलिस की जांच में मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है।
बिट्टू दो भाइयों में छोटा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।




