कुरुक्षेत्र/इस्माइलाबाद। कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद में अंबाला-हिसार नेशनल हाईवे-44 पर ठसका मीरांजी फ्लाईओवर के पास बुधवार रात हुए सड़क हादसे में 45 वर्षीय अखिलेश मनचंदा की मौत हो गई। अखिलेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े रहे मार्केट कमेटी इस्माइलाबाद के पूर्व चेयरमैन मदन मनचंदा के चचेरे भाई थे।
हादसे में किसी अज्ञात वाहन ने अखिलेश की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अखिलेश को उपचार के लिए कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
खेत से बाइक पर घर लौट रहे थे अखिलेश
मृतक की पहचान पंजाबी मोहल्ला, इस्माइलाबाद निवासी अखिलेश मनचंदा के रूप में हुई है। वह खेती-बाड़ी का काम करते थे। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 9:30 बजे वह अपने खेत से बाइक पर घर लौट रहे थे।
अखिलेश के चचेरे भाई अंकुर मनचंदा ने पुलिस को बताया कि अखिलेश बाइक नंबर HR-07AG-6760 पर हाईवे से इस्माइलाबाद की ओर आ रहे थे। ठसका मीरांजी फ्लाईओवर के पास सर्विस लेन पर पहुंचने के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अखिलेश बाइक से सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए LNJP अस्पताल, कुरुक्षेत्र ले गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार में पत्नी, दो बच्चे और मां
अखिलेश परिवार में दो बहनों के इकलौते भाई थे। उनके परिवार में पत्नी नेहा, 8 वर्षीय बेटा निकुंज, 12 वर्षीय बेटी अवनी और मां हैं।
करीब 10 साल पहले अखिलेश के पिता नरेंद्र मनचंदा का भी निधन हो गया था। अब अखिलेश की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक और पारिवारिक जिम्मेदारियों का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस
इस्माइलाबाद थाना पुलिस ने अंकुर मनचंदा के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव का LNJP अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान जल्द की जा सके।




