कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में भड़ासपुर रोड पर सड़क किनारे बने एक कमरे में 23 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक मंगलवार से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार दोपहर राहगीरों ने कमरे के अंदर शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान लाडवा के वार्ड नंबर-5 स्थित विकास नगर निवासी मोहिल कुमार के रूप में हुई है। मोहिल अपने पिता तरसेम कुमार के साथ कश्यप चौक के पास स्थित उनकी सुनार की दुकान पर बैठता था। मंगलवार से उसके लापता होने के बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे थे। परिजनों ने पुलिस को भी उसके लापता होने की सूचना दी थी।
कमरे के अंदर पड़ा मिला शव, नाक और सिर के पीछे से निकल रहा था खून
बुधवार दोपहर भड़ासपुर रोड पर सड़क किनारे बने कमरे में युवक का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में मोहिल की नाक और सिर के पिछले हिस्से से खून निकलता हुआ मिला। शव कमरे के अंदर पड़ा था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चलेगी मौत की वजह
शव मिलने की जानकारी पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
23 वर्षीय बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।




