कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में 13 वर्षीय ताहिर के लापता होने के मामले में तीसरे दिन भी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। ईंट भट्ठे के पास लगे एक अन्य CCTV कैमरे की फुटेज में ताहिर ईंटों के ढेर के पास दिखाई दिया है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, CCTV फुटेज में ताहिर दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच दिखाई दिया। उसकी मां ने भी उसे ईंट भट्ठे के पास देखा था और घर लौटने के लिए कहा था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस अब उसकी आखिरी लोकेशन और आसपास के रास्तों की फुटेज के आधार पर तलाश को आगे बढ़ा रही है।
पश्चिमी यमुना नहर में गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
ताहिर की तलाश के लिए पुलिस और गोताखोर लगातार प्रयास कर रहे हैं। पश्चिमी यमुना नहर में भी उसकी तलाश की जा रही है। हालांकि, अभी तक नहर से या अन्य किसी स्थान से ताहिर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
पुलिस CCTV फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ईंट भट्ठे के पास दिखाई देने के बाद ताहिर किस दिशा में गया था।
अंबाला रैली में जाने की भी जताई गई थी आशंका
परिवार की ओर से ताहिर के अंबाला में आयोजित रैली में जाने की आशंका भी जताई गई थी। हालांकि, उसके दोस्तों ने बताया कि ताहिर उनके साथ रैली में नहीं गया था। ऐसे में पुलिस अन्य संभावित रास्तों और स्थानों पर भी जांच कर रही है।
पिता इनाम और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
ताहिर के लापता होने से उसके पिता इनाम और पूरा परिवार परेशान है। परिजनों ने 5 तारीख की रात लाडवा थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी थी। तीन दिन बीतने के बावजूद कोई ठोस जानकारी नहीं मिलने से परिवार के साथ-साथ ग्रामीण भी चिंतित हैं।
परिजन और ग्रामीण ताहिर की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
अपील: यदि किसी व्यक्ति को ताहिर दिखाई देता है या उसके संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें, ताकि बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।




