कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर खानपुर कोलियां गांव के पास सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बाइक से दिवाली मनाने अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों युवक सड़क पर घिसटते हुए हाईवे की रेलिंग से जा टकराए।
लुधियाना से दिवाली मनाने गांव जा रहे थे दोनों दोस्त
मृतक की पहचान 30 वर्षीय राममिलन निवासी सीतापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। राममिलन अपने दोस्त अभिराज वर्मा के साथ लुधियाना में सिलाई का काम करता था। दोनों दिवाली के अवसर पर अपने गांव जाने के लिए बाइक से निकले थे।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे जब वे खानपुर कोलियां गांव के पास NH-44 से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
रेलिंग से टकराए दोनों युवक, अस्पताल में राममिलन ने तोड़ा दम
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगने के बाद दोनों युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए और हाईवे की रेलिंग से टकरा गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान राममिलन की मौत हो गई। वहीं, घायल अभिराज वर्मा का अस्पताल में इलाज जारी है।
कार चालक दिल्ली की तरफ फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश
हादसे के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय दिल्ली की तरफ फरार हो गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
दिवाली पर अपने घर जा रहे राममिलन की मौत से परिवार में मातम छा गया है। वहीं, उसका दोस्त अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।




