लेटेस्ट न्यूज़
लेटेस्ट न्यूज़
Home » क्राइम » कुरुक्षेत्र में NH-44 पर भीषण हादसा: ट्राले के नीचे घुसी थार, मां-बेटे की मौत; पिता गंभीर घायल

कुरुक्षेत्र में NH-44 पर भीषण हादसा: ट्राले के नीचे घुसी थार, मां-बेटे की मौत; पिता गंभीर घायल

Picture of insightnews24

insightnews24

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में दिल्ली-जम्मू नेशनल हाईवे-44 पर रतनगढ़ गांव के पास देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार थार आगे चल रहे ट्राले के नीचे जा घुसी। हादसे में कार सवार 26 वर्षीय महिला महक गुप्ता और उनके 3 साल के बेटे विहान की मौत हो गई, जबकि पति रोबिन गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मन्नत हवेली में डिनर करके घर लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, रोबिन गुप्ता अपनी पत्नी महक और तीन वर्षीय बेटे विहान के साथ मन्नत हवेली में डिनर करने गए थे। रात करीब 10 बजे तीनों थार गाड़ी में सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रतनगढ़ गांव के पास उनकी गाड़ी आगे चल रहे ट्राले से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार ट्राले के नीचे जा घुसी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने तीनों को बाहर निकालने में मदद की और आदेश मेडिकल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में मां-बेटे को मृत घोषित किया

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महक गुप्ता और उनके बेटे विहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि रोबिन गुप्ता की हालत गंभीर बताई गई। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान थार के एयरबैग खुल गए थे, जिससे रोबिन की जान बच गई, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।

पिछले सप्ताह ही खरीदी थी नई थार

बताया जा रहा है कि रोबिन गुप्ता ने पिछले सप्ताह ही नई थार खरीदी थी। करीब पांच साल पहले रोबिन और महक ने प्रेम विवाह किया था। परिवार की खुशियां अभी नई गाड़ी आने के बाद मनाई जा रही थीं, लेकिन एक सड़क हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

बुधवार सुबह महक और उनके बेटे विहान का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। मां-बेटे की एक साथ अंतिम विदाई देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।

हादसे से शाहाबाद में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही शाहाबाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों और परिचितों में गहरा दुख है। हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स