यमुनानगर: विष्णुनगर जगाधरी वर्कशॉप मार्केट में सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप की टक्कर से 36 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर रेफर किया गया। बाद में मुलाना स्थित एमएम अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान बैंक कॉलोनी निवासी पुनीत कुमार (36) पुत्र गुरदयाल सिंह के रूप में हुई है। पुनीत एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
अंडे लेने के लिए सड़क पार कर रहा था पुनीत
फर्कपुर थाना पुलिस को दी शिकायत में पुनीत की पत्नी पूनम ने बताया कि 13 सितंबर की शाम करीब चार बजे वह अपने पति के साथ घरेलू सामान खरीदने थ्री-व्हीलर से विष्णुनगर जगाधरी वर्कशॉप मार्केट गई थी।
सामान खरीदने के बाद दोनों मुख्य सड़क पर शराब ठेके के पास थ्री-व्हीलर का इंतजार कर रहे थे। सड़क की दूसरी तरफ अंडे की दुकानें थीं। इसी दौरान पुनीत अंडे लेने के लिए सड़क पार करने लगा।
बताया गया कि पुनीत ट्रैफिक को देखते हुए सड़क के बीच बने डिवाइडर तक पहुंच गया था। जैसे ही वह डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ जाने लगा, तभी आईटीआई यमुनानगर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो पिकअप ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुनीत सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद चालक ने कुछ देर के लिए वाहन रोका, लेकिन मौके पर भीड़ जमा होते देख पिकअप लेकर फरार हो गया।
हालत गंभीर होने पर कराया गया रेफर
हादसे के बाद एक राहगीर की मदद से पूनम अपने पति को निजी अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने पुनीत की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन पुनीत को मुलाना स्थित एमएम अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान सोमवार शाम उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
फर्कपुर थाना पुलिस ने अस्पताल से सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी नसीब के अनुसार, हादसे में पुनीत की हालत गंभीर होने के कारण उसका बयान दर्ज नहीं हो सका था।
बाद में मुलाना अस्पताल से मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर बोलेरो पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।



