Home » क्राइम » गुरुग्राम में दिनदहाड़े बेटे के सामने पिता की गोली मारकर हत्या, हमलावर बेटे को बनाने आए थे निशाना

गुरुग्राम में दिनदहाड़े बेटे के सामने पिता की गोली मारकर हत्या, हमलावर बेटे को बनाने आए थे निशाना

Picture of insightnews24

insightnews24

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के समय मृतक अपने बेटे के साथ बाइक पर जा रहा था। आरोप है कि हमलावर मृतक के बेटे को निशाना बनाने आए थे, लेकिन गोली उसके पिता महेंद्र को लग गई। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

बाइक से पीछा कर रोका, पेट में सटाकर मारी गोली

जानकारी के अनुसार, गांव बसई निवासी 40 वर्षीय महेंद्र गुरुवार सुबह करीब 9 बजे अपने बेटे साहिल के साथ बाइक पर काम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से पल्सर बाइक पर आए तीन युवकों ने उनका पीछा कर रास्ते में बाइक रुकवा ली।

आरोप है कि एक हमलावर ने पिस्टल निकालकर महेंद्र के पेट से सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही महेंद्र सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

सामने आया वारदात का वीडियो

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। फुटेज में महेंद्र और उनका बेटा बाइक से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई देती है। करीब छह सेकेंड बाद बाइक चला रहे महेंद्र सड़क पर गिर जाते हैं। पीछे बैठे उनका बेटा तुरंत उन्हें उठाने की कोशिश करता नजर आता है।

अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

गोली चलने के बाद आसपास मौजूद राहगीरों और दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महेंद्र को सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल ले गई। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गोली महेंद्र के पेट में लगी थी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुरानी रंजिश में हत्या का शक

परिजनों ने इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई है। मृतक के बेटे साहिल के अनुसार, जनवरी 2025 से कुछ युवकों के साथ उनका विवाद चल रहा था। साहिल ने आरोप लगाया कि देव, बंटी और एक अन्य युवक इस वारदात में शामिल थे। इनमें से एक आरोपी ने चेहरा ढका हुआ था।

साहिल का दावा है कि पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट और विवाद हो चुके हैं। उसका आरोप है कि हमलावर उसी रंजिश के चलते उसे निशाना बनाने आए थे, लेकिन गोली उसके पिता महेंद्र को लग गई।

जनवरी 2025 के किशोर हत्याकांड से भी जुड़ रही कड़ी

पुलिस की शुरुआती जांच में इस मामले का संबंध जनवरी 2025 में हुई एक किशोर की हत्या से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, बडी नाम के किशोर का शव द्वारका के पास मिला था। इस हत्याकांड में महेंद्र का दूसरा बेटा प्रियांशु आरोपी है और वह फिलहाल जेल में बंद बताया जा रहा है।

परिजनों का आरोप है कि बडी से जुड़े लोगों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए महेंद्र के बेटे साहिल को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि, इस कनेक्शन की पुलिस स्तर पर जांच जारी है।

आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज

डीसीपी वेस्ट YVR शशि शेखर के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। सेक्टर-9 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस मृतक के बेटे प्रियांशु के पुराने हत्या मामले और मौजूदा वारदात के बीच संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स