Home » क्राइम » नारनौल में विवाद के बाद फायरिंग, युवक को चार गोलियां लगीं; हिस्ट्रीशीटर पर आरोप

नारनौल में विवाद के बाद फायरिंग, युवक को चार गोलियां लगीं; हिस्ट्रीशीटर पर आरोप

Picture of insightnews24

insightnews24

नारनौल: हरियाणा के नारनौल क्षेत्र के गांव घाटाशेर में बुधवार देर रात करीब 11 बजे मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के दौरान फायरिंग की घटना में अतर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे चार गोलियां लगने की बात सामने आई है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

कार के शीशे टूटने के बाद बढ़ा विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी विकास उर्फ बब्लू अपनी कार में था। इसी दौरान विकास उर्फ घाटा, सचिन और उसके दो अन्य साथियों के साथ किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान कार के शीशे तोड़ दिए गए।

कार में तोड़फोड़ की जानकारी मिलने के बाद विकास उर्फ बब्लू का चाचा अतर सिंह नाराज होकर विकास उर्फ घाटा के घर के सामने पहुंच गया। वहां दोनों पक्षों के बीच फिर से कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।

घर से हथियार लाकर फायरिंग करने का आरोप

आरोप है कि इसी दौरान विकास उर्फ घाटा घर के अंदर गया और हथियार लेकर बाहर आया। इसके बाद उसने अतर सिंह पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से अतर सिंह मौके पर ही गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि उसे चार गोलियां लगी हैं।

फायरिंग की घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और निजामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ जरूरी साक्ष्य जुटाए और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विकास उर्फ घाटा के खिलाफ निजामपुर थाने में पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि फायरिंग के पीछे की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स