Home » क्राइम » पलवल में मां की हत्या का बदला लेने पहुंचा युवक, SHO की टेबल पर कट्टा रखकर बोला- पकड़ लो

पलवल में मां की हत्या का बदला लेने पहुंचा युवक, SHO की टेबल पर कट्टा रखकर बोला- पकड़ लो

Picture of insightnews24

insightnews24

पलवल: हरियाणा के पलवल में हत्या का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। 19 वर्षीय युवक हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होने के बजाय सीधे थाने पहुंच गया। उसने SHO की टेबल पर देसी कट्टा और जिंदा कारतूस रखे और कथित तौर पर कहा कि वह अपनी मां की हत्या का बदला लेकर आया है और उसे गिरफ्तार कर लिया जाए।

मामला जवाहर नगर कैंप इलाके का है, जहां 22 अगस्त की देर रात 52 वर्षीय सुरेश उर्फ दलीप की हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, सुरेश पर पहले भी हत्या का मामला दर्ज था और वह करीब पांच महीने पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसी मामले से जुड़ी पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया जा रहा है।

घर के बाहर बैठे सुरेश पर हमला

पुलिस के अनुसार, सुरेश रात में अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान पड़ोसी दुष्यंत उर्फ देवा अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच पहले से चली आ रही रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद दुष्यंत और देवेंद्र ने सुरेश पर चाकू से हमला किया। इसके बाद उसे गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल सुरेश को आसपास के लोग जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल पर पहुंची सीन ऑफ क्राइम टीम ने जांच की। पुलिस को मौके से खून से सने पत्थर और ईंटों के अलावा गोली के खाली खोल भी मिले हैं।

हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी

वारदात के कुछ समय बाद दुष्यंत खुद कैंप थाना पहुंच गया। उसके पास देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बताए जा रहे हैं। उसने पुलिस के सामने हथियार रखकर हत्या की बात स्वीकार करने की बात कही गई है।

पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने हत्या के पीछे अपनी मां की हत्या का बदला लेने की बात बताई है।

2023 में मां की हत्या का आरोप

पुलिस पूछताछ में दुष्यंत ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में गली में स्पीड ब्रेकर बनाने को लेकर उसकी मां और सुरेश के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान उसकी मां पर चाकू से हमला किया गया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी।

दुष्यंत का आरोप है कि इसी घटना की रंजिश उसके मन में थी और उसने सुरेश की हत्या कर अपनी मां की मौत का बदला लिया।

हालांकि, इस मामले में सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

पत्नी की बीमारी के चलते जमानत पर आया था सुरेश

परिजनों के अनुसार, सुरेश की पत्नी सुवीना कैंसर से पीड़ित हैं और लंबे समय से उनका इलाज चल रहा है। पत्नी की देखभाल के लिए सुरेश को करीब पांच महीने पहले जमानत मिली थी। जेल से बाहर आने के बाद वह पत्नी के साथ रह रहा था।

बताया जा रहा है कि सुरेश जिस पुराने हत्या मामले में आरोपी था, वह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।

पत्नी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

सुरेश की पत्नी सुवीना ने घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब उनके पति की सांसें चल रही थीं। उन्होंने पुलिस से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पहले पूछताछ शुरू कर दी।

सुवीना के मुताबिक, बाद में परिवार और पड़ोसियों ने ई-रिक्शा की मदद से सुरेश को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पत्नी का यह भी आरोप है कि हमलावरों की संख्या पांच युवकों और दो महिलाओं की थी। उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने परिवार के सदस्यों को भी डराया और उनके मासूम पोता-पोती को छत से नीचे फेंकने की कोशिश की।

परिवार में छह भाई थे

सुरेश छह भाइयों में से एक था। परिवार के अनुसार, एक भाई कई साल पहले घर छोड़कर चला गया था और उसका अब तक पता नहीं चला। दो भाइयों की बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। एक भाई ऑटो चलाता है, जबकि दूसरा भाई मकान बेचकर रुड़की चला गया और वहीं रह रहा है।

सुरेश अपने पीछे पत्नी सुवीना और दो बेटों अंकुश व साहिल को छोड़ गया है। परिवार के अनुसार, साहिल भी पुराने हत्या मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर है। दोनों बेटे गुरुग्राम में रहते हैं।

सात लोगों के खिलाफ केस, बाकी की तलाश

मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुष्यंत, देवेंद्र समेत सात नामजद लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, मामले की जांच एसआई सुमित को सौंपी गई है। दुष्यंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार, वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स