कुरुक्षेत्र/पिहोवा। कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। हाईवे पर तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक समेत करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। हादसे में बस का पहिया युवक के सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। बस में मौजूद यात्रियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पेट्रोल पंप से बाइक में डलवाया था पेट्रोल
मृतक की पहचान हरिगढ़-भौरख गांव निवासी सुशील (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुशील सुबह करीब 10 बजे मलिकपुर बस स्टैंड के पास हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल पंप पर अपनी स्प्लेंडर बाइक (HR41F-3635) में पेट्रोल डलवाने गया था।
पेट्रोल डलवाने के बाद वह बाइक से वापस अपने गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाईवे क्रॉस करते समय अंबाला की तरफ से भिवानी जा रही पंचकूला डिपो की हरियाणा रोडवेज बस (HR68 GV-4544) ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद करीब 100 मीटर तक घसीटा
चश्मदीदों के अनुसार, बस की टक्कर से सुशील बाइक समेत सड़क पर गिर गया। इसके बाद बस उसे बाइक सहित करीब 100 मीटर तक घसीटती हुई ले गई। इसी दौरान बस का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद सड़क पर काफी दूर तक खून के निशान दिखाई दिए।
मौके पर मौत, पुलिस ने बस कब्जे में ली
घटना की सूचना मिलते ही इस्माईलाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पिहोवा के सरकारी अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को भी कब्जे में ले लिया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
7 दिन पहले ही था सुशील का जन्मदिन
परिजनों के मुताबिक, सुशील का जन्मदिन हादसे से महज सात दिन पहले 13 सितंबर को था। वह ग्रेजुएट था और काम की तलाश कर रहा था।
सुशील के पिता धर्मपाल की करीब 10 साल पहले मौत हो चुकी थी। उसका बड़ा भाई साहिल करीब दो साल पहले यूरोप गया था और वर्तमान में फ्रांस में रह रहा है। मार्च में ही सुशील की इकलौती बड़ी बहन कोमल की शादी पिहोवा में हुई थी।
सुशील की अभी शादी नहीं हुई थी। परिवार में वह अपनी मां सुदेश रानी के साथ रहता था।
SHO बोले- बस नंबर के आधार पर केस दर्ज
इस्माईलाबाद थाना प्रभारी रामपाल शर्मा ने बताया कि बस के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच की जा रही है।




