हरियाणा के फतेहाबाद में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई। सेक्टर-3 से भूना रोड की तरफ जा रही कार की सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सेक्टर-3 निवासी हरनाम सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव धांगड़ में उनका पंप भी है। हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
भूना रोड पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हरनाम सिंह कार से सेक्टर-3 से भूना रोड की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार भूना रोड पर पहुंची, उसी दौरान भूना की तरफ से आ रही स्कॉर्पियो ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और हरनाम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज कब्जे में, पुलिस कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटना से संबंधित CCTV फुटेज कब्जे में ले ली है। फुटेज के आधार पर हादसे की परिस्थितियों, दोनों वाहनों की गति और टक्कर के कारणों समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और CCTV फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना की वास्तविक वजह पता लगाने का प्रयास कर रही है।




