फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में 31 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान श्रेया सिंह के रूप में हुई है। वह पांच साल की बेटी की मां थी। घटना के समय उसका पति रामेंद्र दूसरे शहर में नौकरी कर रहा था। घर लौटने पर उसने पत्नी को बेड पर बेहोशी की हालत में पाया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
2017 में हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, श्रेया मूल रूप से बिहार के छपरा जिले की रहने वाली थी। वर्ष 2017 में उसकी शादी रामेंद्र से हुई थी। शादी के बाद वह पति के साथ फरीदाबाद के कैल गांव में रहने लगी। दंपती की पांच साल की एक बेटी है। ग्रेजुएशन करने के बाद श्रेया गृहिणी के तौर पर परिवार संभाल रही थी।
नौकरी के कारण दूसरे शहर में रह रहा था पति
रामेंद्र पहले फरीदाबाद में एक जेसीबी कंपनी में नौकरी करता था। बाद में उसका ट्रांसफर झज्जर के पास पुन्हाना क्षेत्र में हो गया। कुछ समय तक श्रेया भी उसके साथ रही, लेकिन वहां का माहौल उसे पसंद नहीं आया। इसके बाद वह अपनी बेटी के साथ फरीदाबाद लौट आई। बच्ची का दाखिला भी फरीदाबाद में ही करा दिया गया था।
फोन पर हुई थी पति-पत्नी की कहासुनी
रामेंद्र के मुताबिक, रविवार रात करीब साढ़े 10 से 11 बजे के बीच उसकी श्रेया से फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बातचीत के बाद रामेंद्र ने पत्नी से कहा कि वह घर लौट रहा है।
करीब रात 3 बजे जब रामेंद्र घर पहुंचा तो श्रेया बेड पर बेसुध पड़ी थी। उसकी हालत गंभीर थी और वह धीमी आवाज में बात कर पा रही थी। पति के पूछने पर श्रेया ने कथित तौर पर बताया कि उसने कुछ खा लिया है।
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया
रामेंद्र पत्नी को तुरंत बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया। इसके बाद उसे सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया।
कुछ घंटे उपचार के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
बेटी के जन्मदिन की थी तैयारी
श्रेया की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। पत्नी की मौत की खबर सुनकर रामेंद्र उसके शव के पास बैठकर फूट-फूटकर रोने लगा। परिजनों के मुताबिक, उनकी बेटी का जन्मदिन करीब एक महीने बाद आने वाला था और परिवार इसे धूमधाम से मनाने की तैयारी कर रहा था। अचानक हुई इस मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-58 थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, रामेंद्र ने बताया है कि उसे यह जानकारी नहीं है कि श्रेया ने क्या खाया था और उसकी तबीयत अचानक किस वजह से बिगड़ी।
पुलिस का कहना है कि फोन पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी, लेकिन बातचीत के दौरान श्रेया सामान्य तरीके से बात कर रही थी। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया है। दोनों पक्षों के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।




