फरीदाबाद: बल्लभगढ़ के बाजार में सोमवार शाम एक पेंट की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग की लपटें काफी ऊंची उठने लगीं और पूरे बाजार में धुएं का गुबार फैल गया। घटना के बाद दुकानदारों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि आग मिंटू नाम के दुकानदार की पेंट की दुकान से शुरू हुई। पेंट और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में आसपास की मनीष और आशीष की कपड़ों की दुकानों समेत कुल चार दुकानें आग की चपेट में आ गईं।
लाखों रुपये का सामान जलकर राख
आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा सामान बुरी तरह जल गया। दुकानदारों के मुताबिक आग से लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। आग की लपटें देखकर बाजार में मौजूद लोग दुकानों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति के झुलसने या जान जाने की सूचना नहीं है।
दमकल की गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग लगने की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को आगे फैलने से रोकने का प्रयास किया।
वहीं, पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाजार में जमा लोगों को हटाकर रास्ता खाली कराया, ताकि दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने में परेशानी न हो। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बल्लभगढ़ थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। आग से दुकानदारों को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।



