Home » क्राइम » संदीप सिंह पर आरोप लगाने वाली महिला कोच का नया दावा, बोली- मुझे धमकियां दिलवाई जा रही हैं

संदीप सिंह पर आरोप लगाने वाली महिला कोच का नया दावा, बोली- मुझे धमकियां दिलवाई जा रही हैं

Picture of insightnews24

insightnews24

चंडीगढ़: हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वाली महिला कोच ने सोशल मीडिया लाइव के जरिए नया दावा किया है। महिला कोच ने आरोप लगाया कि उसे धमकियां दिलवाई जा रही हैं। उन्होंने संदीप सिंह पर अपने करियर और निजी जीवन को प्रभावित करने के भी आरोप लगाए।

महिला कोच ने अपने फेसबुक लाइव में कहा कि वह पहले लंबे समय तक दबाव में रही, लेकिन अब वह कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने संदीप सिंह और उनके कथित समर्थकों को लेकर कई आरोप लगाए।

दुष्कर्म के प्रयास की धाराएं जोड़ने की मांग

इस मामले में महिला कोच ने चंडीगढ़ की अदालत में एक नई अर्जी दाखिल की है। इसमें उन्होंने संदीप सिंह के खिलाफ चल रहे मामले में आईपीसी की धारा 376 और 511 जोड़ने की मांग की है। महिला का दावा है कि मामला केवल छेड़छाड़ तक सीमित नहीं था, बल्कि दुष्कर्म के प्रयास का भी आरोप बनता है।

इससे पहले चंडीगढ़ पुलिस की ओर से भी इन धाराओं को जोड़ने की मांग अदालत में की गई थी, लेकिन निचली अदालत ने पुलिस की अर्जी स्वीकार नहीं की थी। अब महिला कोच ने स्वयं अदालत का रुख किया है। मामले में अगली सुनवाई 4 नवंबर को होनी है।

महिला कोच ने लगाए कई गंभीर आरोप

सोशल मीडिया लाइव के दौरान महिला कोच ने आरोप लगाया कि उन्हें संदीप सिंह से जुड़े लोगों की ओर से धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई साल तक इस मामले में कानूनी प्रक्रिया का सामना किया है और अब वह पीछे हटने वाली नहीं हैं।

महिला कोच ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ जांच और दबाव बनाने की कोशिश की गई तथा इससे उनके करियर पर असर पड़ा। उन्होंने कहा कि वह अदालत में चल रही प्रक्रिया का सामना कर रही हैं और आगे भी कानूनी लड़ाई जारी रखेंगी।

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद करीब चार साल पहले सामने आया था। हरियाणा खेल विभाग की तत्कालीन महिला एथलेटिक्स कोच ने संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। महिला की शिकायत के आधार पर चंडीगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

महिला कोच ने आरोप लगाया था कि 1 जुलाई 2022 को उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित सरकारी आवास पर बुलाया गया था, जहां उनके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई। शिकायत में उन्होंने कपड़े फाड़े जाने सहित अन्य गंभीर आरोप भी लगाए थे।

वर्तमान में मामले में आईपीसी की धारा 354, 354-ए, 354-बी, 342, 506 और 509 के तहत कार्रवाई चल रही है। महिला कोच अब इसमें धारा 376 और 511 जोड़ने की मांग कर रही हैं।

आरोपों से इनकार करते रहे हैं संदीप सिंह

संदीप सिंह ने शुरुआत से ही महिला कोच के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना रहा है कि शिकायत के पीछे ट्रांसफर से जुड़ा विवाद है और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप गलत हैं। मामले में उन्होंने इसे अपने खिलाफ साजिश भी बताया था।

मामला दर्ज होने के बाद संदीप सिंह से हरियाणा का खेल विभाग वापस ले लिया गया था।

संदीप सिंह ने कहा- वकील से बात करें

महिला कोच के ताजा आरोपों को लेकर जब संदीप सिंह से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि इस मामले में उनके वकील से बात की जाए। उन्होंने बताया कि वह उस समय ड्राइव कर रहे थे और बाद में वकील का संपर्क उपलब्ध कराने की बात कही।

अब महिला कोच की ओर से दायर नई अर्जी पर 4 नवंबर को अदालत में सुनवाई होनी है। अदालत के आदेश के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामले में दुष्कर्म के प्रयास से संबंधित धाराएं जोड़ी जाएंगी या नहीं।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स